मेडिकल स्टोर से 2160 नशीले कैप्सूल बरामद, युवक गिरफ्तार
February 01, 2026
•
53 views
अपराध
नैनीताल: कुमाऊँ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाओं की भारी खेप बरामद की है। संयुक्त टीम ने मौके से 2160 नशीले कैप्सूल बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में 30 जनवरी की शाम एसओटीएफ कुमाऊँ और औषधि विभाग की टीम ने थाना किच्छा क्षेत्र के ग्राम बड़िया रोड स्थित “संतोष मेडिकल स्टोर” में चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला और एसओटीएफ टीम ने स्टोर की तलाशी ली, जिसमें रैकों से संदिग्ध दवाइयाँ बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार मौके से कुल 270 पत्ते (2160 कैप्सूल) बरामद किए गए। दुकान पर मौजूद युवक ने अपना नाम संतोष कुमार (26) पुत्र हेमराज, निवासी छिनकी दरऊ, किच्छा, जिला ऊधमसिंहनगर बताया।
जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 08/22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला, उपनिरीक्षक दीपक जोशी और हेड कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।
आईजी कुमाऊँ श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। मेडिकल स्टोर या किसी भी वैध व्यवसाय की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कुमाऊँ पुलिस का नशा मुक्त समाज की दिशा में अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!