हल्द्वानी में देर रात आईजी का औचक निरीक्षण, खामियों पर फटकार
February 13, 2026
•
13 views
जनहित
नैनीताल: हल्द्वानी में देर रात आईजी का औचक निरीक्षण, खामियों पर कुमायूँ परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ रिद्धिम अग्रवाल ने 12/13 फरवरी की देर रात हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न नाकों, पुलिस बैरियरों और चौकी क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने स्वयं वाहनों की चेकिंग की तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कराया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। नाकों और बैरियरों पर आगंतुकों व वाहनों की आवाजाही से संबंधित रजिस्टरों के परीक्षण में प्रविष्टियों के रखरखाव में कई खामियां पाई गईं। इस पर संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल रजिस्टर अद्यतन कर एक दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जांच में कुछ चौकी क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए, जिसकी सूचना उच्चाधिकारियों को नहीं दी गई थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए आईजी ने कड़ी नाराजगी जताई और सभी सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कर कार्यशीलता की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
गश्त पर तैनात कर्मचारियों के पास बीट बुक/ई-बीट बुक और वायरलेस सेट उपलब्ध नहीं पाए जाने पर भी आपत्ति दर्ज की गई।
आईजी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गश्ती कर्मचारी के पास बीट बुक या ई-बीट बुक अनिवार्य रूप से हो तथा क्षेत्र में किए गए सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों और आगंतुकों का पूरा विवरण नियमित रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही गश्त के दौरान वायरलेस सेट के माध्यम से सतत संपर्क सुनिश्चित किया जाए।
आईजी ने स्पष्ट किया कि नाके, बैरियर, सीसीटीवी निगरानी और बीट प्रणाली पुलिसिंग की आधारभूत कड़ियां हैं। इनमें किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वाहन चेकिंग के दौरान कई ओवरलोड वाहनों को सीज भी कराया गया। कुमायूँ पुलिस परिक्षेत्र में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कानून-व्यवस्था, सतर्कता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!