महाशिवरात्रि आज : शिवालयों में विशेष पूजन, कुमाऊं में दिखेगी आस्था की झलक
February 14, 2026
•
19 views
धर्म
नैनीताल: 🕉️ महाशिवरात्रि आज : शिवालयों में विशेष पूजन, कुमाऊं में दिखेगी आस्था की झलक
नैनीताल। हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि इस वर्ष 15 फरवरी, रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं और शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार फाल्गुन कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर पड़ने वाली महाशिवरात्रि का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। श्रद्धालु दिनभर व्रत रखकर रात्रि में जागरण, रुद्राभिषेक और शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हैं। दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से अभिषेक कर 108 बेलपत्र अर्पित किए जाते हैं।
कुमाऊं में परंपराओं का विशेष रंग
देवभूमि उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में यह पर्व विशेष लोक परंपराओं के साथ मनाया जाता है।
ग्रामीण इलाकों में श्रद्धालु ‘तैड़’ या ‘तरूड़’ नामक कंद को भगवान शिव को अर्पित कर प्रसाद के रूप में वितरित करते हैं। कई घरों में पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से पूजा की जाती है।
प्रमुख शिवालयों में आयोजन
छोटा कैलाश में शनिवार से श्रदालु भारी संख्या में पहुंच रहे हैं लगभग दो से तीन लाख श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है
नैनीताल सहित पिथौरागढ़, गंगोलीहाट, धारचूला और मुक्तेश्वर के शिव मंदिरों में भजन-कीर्तन, जागरण और विशेष मेले आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन और मंदिर समितियां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर रही हैं।
मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धा से किया गया व्रत और पूजन जीवन की बाधाओं को दूर करता है और मनोकामनाएं पूर्ण करता है। 15 फरवरी को प्रदेश भर में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय रहेगा।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!