रात्रि 11 बजे दुकानों की जबरन बंदी पर भड़का व्यापार मंडल, पुलिस कार्रवाई पर जताया कड़ा विरोध
February 28, 2026
•
85 views
जनहित
नैनीताल: नैनीताल में रात्रि 11 बजे व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद कराए जाने की कार्रवाई पर माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना, लिखित आदेश या कानूनी प्रावधान की जानकारी दिए पुलिस द्वारा दुकानों, रेस्टोरेंट और मेडिकल स्टोर को जबरन बंद कराना अनुचित है। उन्होंने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन नगरी है, जहां पर्यटक अक्सर देर रात पहुंचते हैं और बाहर भोजन करते हैं। ऐसे में रात 11 बजे प्रतिष्ठान बंद कराना पर्यटकों के साथ-साथ व्यापारियों के हितों के खिलाफ है।
अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि कई पर्यटक भोजन, बच्चों के लिए दूध और आवश्यक दवाइयों के लिए परेशान हो रहे हैं, जिससे नैनीताल की पर्यटन छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इस प्रकार की कार्रवाई से पर्यटन को नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है, लेकिन व्यापारिक प्रतिष्ठानों को जबरन बंद कराना समाधान नहीं है। पहले से ही पार्किंग की कमी और यातायात प्रतिबंधों के कारण व्यापारी आर्थिक दबाव में हैं।
अंत में पुनीत टंडन ने उच्च अधिकारियों से मांग की कि इस व्यवस्था की समीक्षा कर रात्रि 11 बजे जबरन बंदी की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि व्यापारियों में व्याप्त रोष समाप्त हो सके।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!