कैंची धाम के लिए राहत की खबर: तीन दिन में तैयार होगा रातीघाट बाईपास, 180 वाहनों की पार्किंग भी तैयार
June 08, 2026
•
107 views
जनहित
नैनीताल: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को निर्माणाधीन भवाली-सैनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मार्ग में सड़क कटान का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि रातीघाट में अल्मोड़ा हाईवे से बाईपास को जोड़ने वाला वैली ब्रिज अंतिम चरण में है। अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि ब्रिज का निर्माण कार्य अगले तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आवश्यक परीक्षण कर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क के समतलीकरण, साइनेज और सुरक्षा संबंधी सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस दौरान आयुक्त ने कैंची धाम में निर्माणाधीन पार्किंग और मानस मंदिर माला परियोजना का भी निरीक्षण किया। 
अधिकारियों ने बताया कि 330 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें दो मंजिला ढांचा तैयार हो चुका है। वर्तमान में 180 वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपयोग के लिए तैयार है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पाथवे का अधिकांश कार्य भी पूरा कर लिया गया है तथा कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। पार्किंग परिसर से संबंधित पुल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।
अधिकारियों ने आयुक्त को जानकारी दी कि पार्किंग और अन्य निर्माण कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्या, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!