डेढ़ साल तक चोट से जूझते रहे, फिर जीता गोल्ड; भवाली के सूरज की शानदार वापसी
June 01, 2026
•
67 views
खेल
नैनीताल: डेढ़ साल तक चोट से जूझते रहे, फिर जीता गोल्ड; भवाली के सूरज की शानदार वापसी
भवाली। मजबूत इरादों और कठिन मेहनत के दम पर भवाली के 22 वर्षीय युवा बॉडीबिल्डर सूरज नाथ ने दिल्ली में आयोजित बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता Muscle Mania Regional 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सूरज ने मेन्स फिजीक जूनियर कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया।
सूरज की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि वर्ष 2024 में NPC Bodybuilding Competition में गोल्ड मेडल जीतने के बाद उन्हें कमर के निचले हिस्से में गंभीर चोट लग गई थी। चोट इतनी गंभीर थी कि करीब डेढ़ साल तक उनका खेल करियर थम गया और सामान्य दिनचर्या भी प्रभावित हो गई।
सूरज ने बताया कि लंबे इलाज और रिकवरी के बाद उन्होंने दोबारा जिम में कदम रखा।
बिना किसी कोच और प्रोफेशनल ट्रेनिंग के महज दो महीने तक कड़ी मेहनत, सख्त डाइट और अनुशासन के साथ तैयारी की। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बॉडीबिल्डिंग में ही करियर बनाना है। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर फिटनेस को अपनाने की अपील की।
गौरतलब है कि Muscle Mania दुनिया भर में नेचुरल बॉडीबिल्डिंग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है। सूरज की इस उपलब्धि पर भवाली और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर है।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!