Nainital:टपकती छत के साए में इलाज, पहली बारिश में खुली अस्पताल की हकीकत
June 01, 2026
•
90 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल। मानसून की औपचारिक दस्तक से पहले हुई बारिश ने एक बार फिर बीडी पांडे जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को उजागर कर दिया है। शनिवार देर रात हुई बारिश के दौरान अस्पताल की कई छतों से पानी टपकने लगा, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी खराब हो गई कि अस्पताल कर्मियों को मरीजों के बैड दूसरी जगह खिसकाने पड़े और टपकते पानी को रोकने के लिए जगह-जगह डस्टबिन व अन्य बर्तन रखने पड़े।
जिला अस्पताल, जहां गंभीर मरीज उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां पहली ही बारिश में भवन की जर्जर हालत सामने आ गई। महिला वार्ड सहित कई हिस्सों में छत से लगातार पानी टपकता रहा, जिससे मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना पड़ा। फर्श पर जमा पानी के कारण फिसलने का खतरा भी बना रहा।
यह समस्या नई नहीं है। पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान अस्पताल के कई वार्डों में पानी भर गया था।
हालात इतने बिगड़ गए थे कि बर्न वार्ड तक जलमग्न हो गया था, जबकि महिला प्रसूति वार्ड में पानी घुसने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात से पहले अस्पताल भवन की मरम्मत और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश इन दावों की हकीकत सामने ला देती है। लोगों का कहना है कि यदि अभी से यह स्थिति है तो आगामी मानसून के दौरान अस्पताल की हालत और भी गंभीर हो सकती है।
अस्पताल की प्रभारी पीएमएस डॉ. द्रोपदी गर्ब्याल ने बताया कि भवन में रिसाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अस्पताल की छतों की मरम्मत के लिए जिला प्रशासन और शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!