बारिश में झील तक पहुंचा कूड़े का अंबार, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
June 02, 2026
•
46 views
शहर
नैनीताल: मानसून से पहले हुई तेज बारिश ने नैनीताल की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है। शहर के विभिन्न हिस्सों से बहकर आया भारी मात्रा में कूड़ा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट सीधे नैनीझील में पहुंच गया। झील के किनारों पर तैरती गंदगी ने न केवल नगर पालिका और संबंधित विभागों की तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि झील संरक्षण के दावों की भी पोल खोल दी है।
नैनीताल की पहचान और अस्तित्व का आधार मानी जाने वाली नैनीझील पहले से ही प्रदूषण और सीवर के दबाव से जूझ रही है। ऐसे में बारिश के साथ बहकर आने वाला कूड़ा झील की सेहत के लिए नया खतरा बनता जा रहा है। सोमवार को झील के विभिन्न हिस्सों में तैरते प्लास्टिक, बोतलें और अन्य कचरे को देखकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी तंत्र को दुरुस्त करने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में झील तक पहुंचे कूड़े ने इन दावों की वास्तविकता सामने ला दी है।
लोगों का सवाल है कि आखिर इतना कूड़ा कहां से बहकर आया और उसे झील तक पहुंचने से रोकने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
नागरिकों ने मांग की है कि झील में गिरने वाले सभी प्रमुख नालों पर कचरा रोकने के लिए स्थायी जाल और फिल्टर व्यवस्था स्थापित की जाए, मानसून के दौरान विशेष निगरानी रखी जाए तथा यह जांच कराई जाए कि सफाई अभियानों के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में कूड़ा झील तक कैसे पहुंच गया।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!