चाइना पीक ट्रेक पर फिसलने से खाई में गिरकर पर्यटक घायल
July 03, 2026
•
107 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल घूमने आए राजस्थान के नागौर निवासी 20 वर्षीय प्रदीप चाइना पीक ट्रेक के दौरान करीब 10 फीट गहरी खाई में गिरकर घायल हो गए। वह अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल आए थे और गुरुवार को ट्रेकिंग के लिए निकले थे।
करीब दो किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद प्रदीप का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरे। गिरने से उनके पैर में पत्थर लगने के कारण गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा। साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इसी दौरान पौधरोपण कार्यक्रम से लौट रही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन काफली के नेतृत्व में टीम ने खाई में उतरकर घायल युवक का रेस्क्यू किया। वनकर्मियों ने युवक को पीठ और कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से पुलिस और वन विभाग की टीम ने टैक्सी के माध्यम से उसे बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया।
जांच में युवक के पैर में फ्रैक्चर और गहरा घाव पाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि युवक को उसके दोस्तों के साथ भेज दिया गया।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!