बीडी पांडे अस्पताल से विशेषज्ञ डॉक्टरों के स्थानांतरण पर व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी, रोक लगाने की
July 03, 2026
•
134 views
जनहित
नैनीताल: बीडी पांडे अस्पताल से विशेषज्ञ डॉक्टरों के स्थानांतरण पर व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी, रोक लगाने की मांग
नैनीताल। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल से हाल ही में लगभग 6 से 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित अन्य डॉक्टरों के स्थानांतरण के विरोध में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, मल्लीताल नैनीताल ने मुख्यमंत्री एवं कुमाऊं मंडल के आयुक्त को ज्ञापन प्रेषित कर स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नैनीताल केवल जिला एवं मंडल मुख्यालय ही नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी भी है। यहां उच्च न्यायालय, एटीआई सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय न केवल नैनीताल नगर बल्कि आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले गंभीर और रेफर मरीजों के लिए भी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है।
व्यापार मंडल ने कहा कि एक साथ 6 से 7 विशेषज्ञ डॉक्टरों का स्थानांतरण स्थानीय जनता, पर्यटकों और व्यापारिक समुदाय के हितों के प्रतिकूल है।
उन्होंने मांग की कि जनहित को देखते हुए इन स्थानांतरण आदेशों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। अन्यथा संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
ज्ञापन देने वालों में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, मल्लीताल नैनीताल के पदाधिकारी त्रिभुवन फर्त्याल एवं किशन सिंह नेगी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!