कोचिंग संस्थानों में हो रहे हादसों की जिम्मेदारी तय हो: खष्टी बिष्ट
June 26, 2026
•
29 views
राजनीति
नैनीताल: नैनीताल। लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं पीसीसी सदस्य खष्टी बिष्ट ने घटना पर गहरा दुख जताया है और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह हादसा शिक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है।
खष्टी बिष्ट ने सवाल उठाया कि ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को कोचिंग संस्थानों पर निर्भर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त निगरानी के तेजी से बढ़ते कोचिंग संस्थान सफलता की गारंटी के रूप में स्थापित हो गए हैं, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती कोचिंग संस्कृति पर गंभीर मंथन की आवश्यकता है। उनका कहना था कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था कहीं न कहीं विद्यार्थियों को केवल परीक्षा केंद्रित बना रही है, जबकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उद्देश्य व्यापक ज्ञान और समग्र विकास होना चाहिए।
खष्टी बिष्ट ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं विद्यार्थियों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हैं।
उन्होंने उत्तराखंड में सामने आए पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा है और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री खष्टी बिष्ट ने सरकार से मांग की कि इस तरह की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और संबंधित मंत्री अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में विफल रहे हैं, तो उन्हें नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने हादसे में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!